उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि किसी भी हाल में एसटीपी संचालन में लापरवाही न बरती जाए। अगर कोई शिकायत सामने आई तो कार्रवाई निश्चित है। इसके बाद जलशक्ति मंत्री ने मुखर्जी पार्क स्थित पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां मंत्री ने पूछा कि पानी शोधन की प्रक्रिया कैमरे पर क्यों नहीं दिखाई जा रही, इस पर कर्मचारियों ने बताया कि फाइबर केबल खराब पड़ी है। बीते दो तीन दिन से हम मॉनिटरिंग नहीं कर पा रहे हैं। इस पर स्वतंत्र देव सिंह ने फटकार लगाते हुए कहा कि लगता है कि यहां 24 घंटे कोई नहीं रहता है। कैमरों को सही दिशा में न लगा पाने के कारण सच्चाई सामने नहीं आ पा रही है। उन्होंने कहा कि अगर 24 घंटे पंपिंग स्टेशन नहीं चलेगा और पानी का शोधन लगातार नहीं होगा तो कैसे यमुना साफ हो सकेगी। आप सभी राष्ट्र को धोखा दे रहे हैं। यमुना में गिरने वाले नालों को काफी हद तक बंद किया।
पत्रकारों से बात करते हुए मंत्री ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार यमुना प्रदूषण मुक्ति के लिए कटिबद्ध है। काफी हद तक यमुना में गिरने वाले नालों को बंद किया जा चुका है। कहीं कुछ कमियां रह गई हैं, उन्हें भी जल्द दुरुस्त करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि वृंदावन माइनर पर अवैध कब्जे की शिकायत पर भी कार्रवाई की गई है और कुछ भूमि कब्जा मुक्त कराई गई है। जल्द ही माइनर को कब्जा मुक्त कराया जाएगा। इसके बाद उन्होंने राधा निवास स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क पहुंचकर रविदास जयंती मनाई। यहां सीएफसी निवासी पंकज को हल्दी चढ़ रही थी तो उसे माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर नगर पालिका वृंदावन पूर्व चेयरमैन मुकेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, योगेश चौधरी आदि थे।
