हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। दान के महापर्व मकर संक्रांति पर सुबह के वक्त हजारों भक्त यमुना में स्नान करेंगे। महापर्व में महज दो दिन बचे हैं, लेकिन यमुना मैया के घाट बदहाल पड़े हैं। घाटों पर जगह-जगह गंदगी के अंबार लगे हुए हैं। ऐसी स्थिति में भक्त कैसे आस्था की डुबकी लगाएंगे। भक्तों ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े किए हैं। शहर के प्रमुख घाटों की वर्तमान स्थिति बेहद खराब है। संक्रांति से दो दिन पहले घाटों पर पूजा सामग्री, पॉलिथीन और सड़े-गले फूलों के ढेर लगे हैं। गंदगी के कारण कई स्थानों पर दुर्गंध आती रहती है। महापर्व मकर संक्रांति पर हजारों भक्त दूर-दराज से जल आचमन करने यहां आते हैं, लेकिन यमुना की स्थिति देखकर भक्तों का मन विचलित है। हैरानी की बात यह है कि सफाई के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके एकदम उलट है। नगर निगम और संबंधित विभाग की सुस्ती के कारण घाटों की सीढ़ियों पर जमी काई और फिसलन से बुजुर्ग तीर्थ यात्रियों के लिए स्नान करना जोखिम भरा हो सकता है। यमुना के विश्राम घाट, बंगाली घाट समेत अन्य घाटों की यही स्थित है। अनिल कुमार, अपर नगर आयुक्त ने कहा, मकर संक्रांति से पहले सफाई अभियान चलाया जाएगा और घाटों पर भक्तों के स्नान के लिए व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। नगर निगम ने इसकी तैयारी कर ली है। जल्दी गंदगी साफ कराई जाएगी।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
