हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। सीईआईआर और सर्विलांस सेल की मदद से मथुरा पुलिस ने 75 लाख रुपये की कीमत के 360 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसमें आईफोन समेत कई कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं। ये मोबाइल सीमावर्ती जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से बरामद किए गए हैं। मंगलवार को एसएसपी ने खोए व चोरी हुए मोबाइल जब फरियादियों को सौंपे तो उनके चेहरे खिल उठे। कुछ मोबाइल कोरियर के माध्यम से भी भेजे जा रहे हैं। एसएसपी कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि पुलिस की तकनीकी टीम ने सीईआईआर पोर्टल के जरिए मोबाइल की लोकेशन निकाली। फिर स्थानीय पुलिस की मदद से इन मोबाइल को बरामद किया। इसमें वृंदावन कोतवाली पुलिस ने सबसे अधिक 107, जैंत थाने की पुलिस ने 25 और कोतवाली पुलिस ने 10 मोबाइल बरामद किए हैं। इसी तरह मथुरा पुलिस को 360 मोबाइल बरामद करने में सफलता हासिल हुई है। चोरी या गुम हुए इन मोबाइलों को एसएसपी ने मंगलवार को उनके फरियादियों के सुपुर्द किया। किसी का मोबाइल एक साल पहले दुकान से गुम हो गया था तो किसी का राह चलते गिर गया था। एसएसपी ने कहा कि किसी कारण जो फरियादी नहीं आ सके हैं, उनके घर पर कोरियर के माध्यम से मोबाइल भेजे जाएंगे।
7455095736
