हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। थाना फरह क्षेत्र के रैपुरा जाट स्थित गांव भदाया गढी हीरा में गिरी मिट्टी की ढाय में दबने से किसान की मौत हो गई। ढाय गिरने से किसान की मौत की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। परिजन ने उत्तरी बाईपास की सर्विस रोड बना रही कंपनी पर आरोप लगाते हुए हंगामा काटना शुरू कर दिया। गांव भदाया गढ़ी हीरा निवासी पंकज ने बताया कि मंगलवार को वह अपने पिता बाबूलाल (46) के साथ खेत में क्षतिग्रस्त हुई पाइप लाइन को ठीक कर रहे थे। अचानक 12 फुट ऊंची मिट्टी की ढाय गिर पडी। मिट्टी के अंदर उनके पिता दब गए। उन्होंने शोर किया तो आसपास के लोग बचाव के लिए दौड़े। इधर, सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से मिट्टी के अंदर दबे बाबूलाल को बाहर निकाला और मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया। वह अपने पिता को लेकर अस्पताल जाते इससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इधर, सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने उत्तरी बाईपास की सर्विस रोड बनाने वाली कंपनी की लापरवाही के कारण किसान की मौत होने का आरोप लगाते हुए हंगामा काटना शुरु कर दिया। पुलिस ने परिजन को कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर परिजन शांत हुए और पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
