चीन सहित अलग अलग देशों में फैल रहे कोरोना को देखते हुए होटल ,गेस्ट हाउस संचालक भी एहतियात बरत रहे हैं। होटल एसोसिएशन के पदाधिकारी अमित जैन ने बताया कि दो वर्ष बाद होटल व्यवसाय नए साल के अवसर पर उभरने के आसार हैं। हालांकि उन्होंने कोरोना की बढ़ती दहशत के कारण आशंका जताई कि कहीं इस बार भी श्रद्धालुओं की संख्या कम न रह जाए। अमित जैन ने बताया कि सरकार द्वारा जारी गाइड लाइन का होटल,गेस्ट हाउस में पालन किया जायेगा। पिछले सालों में देखें तो पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक दिसंबर महीने में 2021 में 18 लाख श्रद्धालु आए थे। इस वर्ष यह आंकड़ा 25 लाख तक पहुंचने का अनुमान है। कोरोना के पीक वर्ष 2020 में भी ब्रज पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 91 लाख 26 हजार 481 रही। इनमें 23 हजार 481 विदेशी श्रद्धालु थे। पर्यटन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक ब्रज पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 2 करोड़ 96 लाख 3 हजार 451 रही। लेकिन इस वर्ष विदेशी श्रद्धालु बहुत कम आए यानी कुल 636 विदेशी श्रद्धालु ही ब्रज पहुंचे थे। इन श्रद्धालुओं में सबसे ज्यादा संख्या वृंदावन पहुंचने वाले भक्तों की रही। 2021 में 1 करोड़ 30 लाख 46 हजार 242 श्रद्धालु वृंदावन पहुंचे थे। नए वर्ष के अवसर पर वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए प्रशासन ने हर तिराहा चौराहा पर श्रद्धालु मित्र तैनात किए हैं। डीएम पुलकित खरे ने श्रद्धालुओं मित्रों को ट्रेनिंग देते हुए श्रद्धालुओं के साथ प्रेम पूर्वक व्यवहार करने के निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम ने श्रद्धालु मित्रों को जैकेट वितरित किए। यह श्रद्धालु मित्र एनसीसी, एनएसएस,स्काउट और नेहरू युवा केंद्र से जुड़े हुए युवा हैं।
