हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। सीएसडी कैंटीन के खाते से दो करोड़ से अधिक की रकम को अपने और पत्नी के खाते में ट्रांसफर करने के आरोप में फरार चल रहे कैंटीन क्लर्क के माता-पिता और चचेरे भाई को सदर बाजार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की विवेचना के दौरान मां सीसीटीवी में ज्वैलरी खरीदने, वहीं पिता और चचेरा भाई मुख्य आरोपी द्वारा खरीदे गये प्लॉट में गवाह बने थे। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अभी भी मुख्य आरोपी फरार है। बताते चलें कि थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित सीएसडी कैंटीन के क्लर्क नायक दीपक कुमार, निवासी लाल बहादुर शास्त्री नगर, रोहतक ने धोखाधड़ी कर आर्मी कैंटीन के खाता से दो करोड़ पांच लाख, 26 हजार 762 रुपये अपने व अपनी पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर दिये थे। इसकी रिपोर्ट सदर थाने में दर्ज करायी गई। शुक्रवार को पुलिस टीम ने आरोपी दीपक की पत्नी को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस टीमें मुख्य आरोपी दीपक की तलाश के साथ ही खाते से निकाली गयी रकम के बारे में भी जानकारी करने में जुटी हैं। पुलिस ने अभी तक की विवेचना के दौरान पाया कि मुख्य आरोपी दीपक ने हाल ही में एक क्रेटा कार, एक प्लॉट और लाखों रुपये का सोना खरीदा है। तभी से पुलिस टीम इस मामले की भी जांच में जुटी हुई थीं। सीओ सिटी प्रवीन मलिक ने बताया अब तक की विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी दीपक ने मथुरा-रोहतक में 49 लाख रुपये का सोना खरीदा था। पुलिस टीमों द्वारा खंगाले सीसीटीवी में आरोपी की मां रोहतक और मथुरा स्थित ज्वैलर्स के यहां से करीब 49 करोड़ का सोना खरीदते नजर आयीं, वहीं दूसरी ओर आरोपी दीपक द्वारा रोहतक में खरीदे गये प्लॉट में उसके पिता व चचेरा भाई गवाह बना है। पुलिस टीम ने बुधवार को तीनों आरोपियों को जेल के समीप बने शौचालय के समीप से गिरफ्तार कर लिया। वे जेल में बंद आरोपी दीपक की पत्नी से मुलाकात करने आये थे। अभी भी पुलिस मुख्य आरोपी की संभावित स्थलों पर तलाश कर रही है। पुलिस की टीमें सर्विलांस व लोकल इंटेलीजेंस मुख्य आरोपी की संभावित स्थलों पर तलाश कर रही है।
