हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। देवोत्थान एकादशी 12 नवंबर को है। इस दिन बैंडबाजा, होटल और हलवाई से लेकर पुरोहित तक की बुकिंग हो गई है। तीन महीने बाद देवोत्थान पर देव जागेंगे। ऐसे में इस दिन से विवाह लग्न शुरू हो जाएंगे। ज्योतिषाचार्य के अनुसार इस बार 12 नवंबर से 14 दिसंबर तक खूब विवाह के मुहूर्त हैं। कुल मिलाकर लगभग एक माह तक शहर की सड़कों और होटल व बैंक्वेट हॉल में जमकर धूम धड़ाका होने वाला है। शहर के लगभग होटल, बैंक्वेट हॉल और धर्मशाला देवोत्थान एकादशी के दिन के लिए बुक हैं। देवोत्थान ही नहीं बल्कि लगातार नवंबर में सहालग होने से इस बार अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। होटल, बैंडबाजा, कैटरिंग से लेकर दूध-दही, पनीर वालों के पास भी बुकिंग हो चुकी है। बाजार में विवाह लग्न को लेकर 40 प्रतिशत खरीदारी पिछले माह शारदीय नवरात्र से लेकर धनतेरस तक हो चुकी है। वहीं, धनतेरस पर अच्छा मुहूर्त देखते हुए दिवाली के बाद खरीदारी के लिए बुकिंग कराई है। जिले में 700 से अधिक होटल, बैक्वेंट हॉल और धर्मशालाएं हैं। मोहल्लों की बात करें तो यह संख्या अधिक भी हो सकती है। शहर के बड़े होटल और बैंक्वेट हॉल तो लगभग पूरी तरह बुक हैं। कई लोगों ने सगाई और मंडप एक ही जगह बुक कराए हैं। एक दिन पहले सगाई तो अगले दिन विवाह। इससे दो दिन के हिसाब से भी बुकिंग आई हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि करीब तीन माह पहले ही इस सहालग के लिए 50 प्रतिशत बुकिंग हो गई थी। शहर में 100 से अधिक बैंड बाजा कारोबारी हैं और सभी के पास बुकिंग हैं। बैंडबाजा कारोबारी रशीद कुरैशी का कहना है कि पिछले साल नवंबर में सहालग न के बराबर था। इस साल अप्रैल और मई भी ऐसे ही गए। इस बार काफी विवाह के मुहूर्त हैं। एक दिन में किसी के पास दो-दो बुकिंग हैं। ऐसे में दो-दो टीमें तैयार की गई हैं। वहीं कैटरिंग की अच्छी बुकिंग आ रही है। कैटरिंग कारोबारी विष्णु लोधी बताते हैं कि पिछले साल से इस बार अच्छी बुकिंग है।
7455095736
Author: Vijay Singhal
50% LikesVS
50% Dislikes
