हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। राया में पत्नी के मायके जाने से नाराज पति ने ही उसकी हत्या कर दी और शव राया थाना क्षेत्र में फेंक गया। राया-हाथरस रोड पर खंडहर कोल्ड स्टोरेज के पास मिले 25 वर्षीय महिला के शव की पहचान हाथरस की साधना के रूप में हुई। चार माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। वह मायके आ गई, इसे पति नाराज था। मायके वालों का आरोप है कि दो अक्टूबर को पति ने गांव के बाहर महिला को बुलाया और फिर कहीं ले गया। इसके बाद उसकी हत्या कर दी और शव फेंक दिया। पति, ससुर और देवर के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। राया-हाथरस रोड पर खंडहर कोल्ड स्टोरेज के समीप शुक्रवार सुबह 25 वर्षीय महिला का शव मिला था। महिला का एक पैर चुनरी से बंधा था, तो दूसरा मुड़ा था। गला व आंख में चोट के निशान थे। सोशल मीडिया में फोटो प्रसारित होने के बाद महिला की पहचान जैलीगढ़ी जलेसर रोड हाथरस की साधना के रूप में हुई। देर रात स्वजन थाना पहुंचे। पिता भगवान सिंह ने बताया, साधना की शादी 22 जून को नरेश निवासी हररामपुर इगलास अलीगढ़ के साथ की थी। शादी के बाद से ही अनबन होने पर ससुरालीजन मायके से रिश्ता खत्म करने का दबाव बना रहे थे। इसे लेकर कई बार विवाद भी हुआ। साधना 10 दिन पूर्व ससुराल से मायका आई थी। दो अक्टूबर को साधना घर से सुबह साढ़े 10 बजे लापता हो गई थी। इसकी गुमशुदगी हाथरस गेट थाने में दर्ज कराई थी। पिता का आरोप है कि साधना को गांव से बाहर नरेश अपने साथ लेकर गया था। शुक्रवार सुबह गांव भूड़री के समीप साधना मृत अवस्था में तालाब किनारे पड़ी मिली। उन्होंने पति नरेश कुमार, देवर मोहित और ससुर केहरी सिंह के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। शनिवार देर शाम पति को हिरासत में ले लिया गया। राया थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया, मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
