मथुरा जंक्शन से हर दिन करीब 65 हजार श्रद्धालु रोजाना यात्रा करते है। ऐसे में अक्सर दो से पांच मिनट का ठहराव होने से परिवार के कुछ सदस्य ट्रेन में चढ़ जाते हैं और कुछ प्लेटफार्म पर रह जाते हैं। इस कारण कई बार लोग मजबूरी में चेन पुलिंग करते हैं। कुछ दिन पहले ग्वालियर जाने के लिए जंक्शन पर पहुंचे परिवार की नाबालिग बेटी ट्रेन में चढ़ गई। वहीं माता-पिता और भाई प्लेटफार्म पर रह गए। वजह यह थी कि ट्रेन में भीड़ ज्यादा थी। ठहराव भी दो मिनट का था। एक अन्य मामले में ट्रेन में सफर के दौरान भोपाल निवासी महिला का पर्स चोरी हो गया तो महिला ने चेन पुलिंग कर दी। आरपीएफ ने उसे पकड़ लिया। जानकारी होने पर महिला और उनके परिवार को छोड़ा गया। तब तक चोर सामान लेकर गायब हो गया। रेल यात्रियों का कहना है कि जंक्शन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव बढ़ाया जाना चाहिए।
इन हालातों में की जा सकती है चेन पुलिंग
आरपीएफ के प्रभारी निरीक्षक अवधेश गोस्वामी के मुताबिक चेन पुलिंग के लिए बड़ा कारण होना जरूरी है। अगर ट्रेन में आग लग गई है, बदमाश घुस आए हों, बड़ी आपराधिक वारदात हो गई हो या फिर किसी बीमार व्यक्ति की तबीयत अचानक बिगड़ गई हो। इन हालातों में यात्री चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा सकते हैं।
इन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव है दो मिनट का
आगरा कैंट एक्सप्रेस – 2 मिनट
होशियारपुर एक्सप्रेस – 2 मिनट
हीराकुड एक्सप्रेस – 2 मिनट
अगस्त क्रांति तेजस राजधानी- 2 मिनट
वर्जन
सतना (मध्य प्रदेश) जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री ने बताया कि मथुरा में हर दिन हजारों लोग आते हैं। ऐसे में जंक्शन पर आने वाली ट्रेनों का ठहराव समय बढ़ाया जाना बेहद जरूरी है।
– एसपी आनंद, रेल यात्री
बहुत जरूरी कारण होने पर ही ट्रेन की चेन पुलिंग की जा सकती है। बिना वजह ट्रेन की चेन पुलिंग करने वालों को पकड़ा जाता है। आरोपियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई भी की जाती है।
– अवधेश गोस्वामी, प्रभारी निरीक्षक, आरपीएफ
यात्रियों की मांगों को देखते हुए आवश्यकता के अनुसार ट्रेनों का ठहराव बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजा जा रहा है। जिससे यात्रियों को आने-जाने में सुगमता हो सके।
– प्रशस्ति श्रीवास्तव, मंडल वाणिज्य प्रबंधक
