हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह किशोर में न्यायिक हिरासत में निरुद्ध बाल अपचारी ने पांच फरवरी की सुबह फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्रा ने संप्रेक्षण गृह में तैनात दो कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी है। वहीं, होमगार्ड को भी हटा दिया गया है। होमगार्ड के खिलाफ कमांडेंट शैलेंद्र सिंह को विभागीय जांच के लिए पत्र लिखा है। इन तीनों को जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी विकास चंद्रा ने बताया कि बाल संप्रेक्षण गृह में आउटसोर्स पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पालेंद्र और बच्चू सिंह की सेवा समाप्त कर दी गई है। इन दोनों की उस रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक सुरक्षा व्यवस्था ड्यूटी थी। उस रात संप्रेक्षण गृह में तैनात होमगार्ड को भी हटा दिया गया है। उसके खिलाफ होमगार्ड कमांडेंट को पत्र लिखा है। होमगार्ड कमांडेंट शैलेंद्र सिंह ने बताया कि जिला प्रोबेशन अधिकारी से होमगार्ड के संबंध में की गई जांच की रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। होमगार्ड से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। बलदेव निवासी 17 वर्षीय किशोर जनवरी माह में अपने पड़ोस की किशोरी को बहला फुसलाकर ले गया था। किशोरी के पिता ने मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तीन फरवरी को किशोर को बलदेव कस्बा से पकड़ा था। किशोरी के मजिस्ट्रेटी बयानों में बहला फुसलाकर ले जाने के आरोप में पिता द्वारा दर्ज कराई एफआईआर का समर्थन करने के आधार पर किशोर को तीन फरवरी को ही राजकीय संप्रेक्षण गृह में दाखिल किया था। किशोरी के बयानों से वह आहत था। सोमवार तड़के चार बजे करीब किशोर ने अपने मफलर से बैरक में लगे पंखे के कुंडे से फंदा बनाया और उस पर झूल गया। आत्महत्या से पहले उसने एक सुसाइड नोट भी लिखा था, जिसे पुलिस ने एफएसएल जांच को भेज दिया है।
7455095736
Author: Vijay Singhal
100% LikesVS
0% Dislikes
