हिदुस्तान 24 टीवी न्यूज चीफ विजय सिंघल
मथुरा। लोकसभा चुनाव को दो दिन शेष बचे हैं। अंतरराज्यीय और अंतरजनपदीय सीमाओं के 60 स्थानों पर बैरियर लगा दिए गए हैं। 190 सीसीटीवी कैमरे से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। जिले में 26 अप्रैल को शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए पुलिस ने 22 थानों से 52 हजार संदिग्ध लोगों को पाबंद किया है। चुनाव प्रचार के समाप्त होते ही बुधवार शाम से जिले की सभी सीमाएं सील कर दी जाएंगी। 26 अप्रैल को द्वितीय चरण के लोकसभा चुनाव को लेकर जिले में सख्ती बढ़ा दी गई है। राजस्थान-हरियाणा सीमा से जुड़े 25 और अंतरजनपदीय सीमा के 35 स्थानों पर बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी गई है। बिना चेकिंग के किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जा रहा है। प्रत्येक बैरियर पर दो से तीन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सभी बैरियर पर 190 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। साथ ही वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। पुलिस के उच्चाधिकारी चेकपोस्ट और बैरियर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। बुधवार को चुनाव प्रचार के समाप्ति के बाद शाम पांच बजे से सभी सीमाएं सील कर दी जाएंगी। चेकिंग के बाद ही वाहनों को एंट्री दी जाएगी। जिले में शांतिपूर्वक और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए 22 थानों से 52 हजार संदिग्ध लोगों को पुलिस ने पाबंद किया है। इस हिसाब से औसतन एक थाने से 23 सौ के करीब लोग पाबंद हुए हैं। पुलिस की टीमें पाबंद किए गए संदिग्धों पर नजर बनाए हुए हैं।
डा.अरविंद कुमार, एसपी सिटी ने कहा मतदान प्रचार समाप्त होते ही जिले की सभी सीमाएं सील कर दी जाएंगी। बिना चेकिंग के किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं मिलेगा।
